जयपुर

Kota News: कोटा में एक और आत्महत्या, पंखे से लटका मिला छात्र का शव, नीट की तैयारी कर रहा था युवक

Kota News: कोटा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार को सूचना देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

कोटा में एक और आत्महत्या

Photo : iStock

Kota News: राजस्थान के कोटा से एक और छात्रों की आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा यानी नीट (NEET) की तैयारी के लिए उत्तर प्रदेश से आए एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेजा गया है। पुलिस ने मृतक छात्र के परिवार को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी।

कमरे के पंखे से लटका मिला छात्र का शव

मृतक की पहचान यूपी के मिर्जापुर निवासी आशुतोष चौरसिया (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चौरसिया के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिवार के सदस्य उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने पेइंग गेस्ट (पीजी) मालिक से चौरसिया के बारे में पूछ। पीजी मालिक ने बताया कि जब उसने चौरसिया के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। बुधवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और गेट तोड़कर अंदर गई, जहां चौरसिया की बॉडी फंदे से लटकी मिली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

पिछले साल 29 लोगों ने कोटा में की आत्महत्या

जानकारी के अनुसार, पिछले साल कोटा में करीब 29 छात्रों ने आत्महत्या की और इस साल सितंबर तक यह संख्या 15 को पार कर गई है। सितंबर में, नीट की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ने राजस्थान के कोटा शहर में अपने किराए के घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कोटा में इस साल यह छात्र आत्महत्या का 15वां संदिग्ध मामला था। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बरसाना निवासी परशुराम के रूप में हुई थी। वह सात दिन पहले ही कोटा आया था और नीट की तैयारी के लिए एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहा था। कोटा प्रशासन शहर में आत्महत्या से होने वाली मौतों की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए संघर्ष कर रहा है।

(इनपुट - IANS)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article