जयपुर

झालावाड़ में रोडरेज हत्या के बाद बवाल, दुकानों में लगाई आग, पुलिस पर पथराव; इंटरनेट बंद!

राजस्थान के झालावाड़ में रोडरेज में हुई हत्या के बाद भारी बवाल जारी है। मृतक के समर्थन में नाराज लोगों ने कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी है।

Image

झालावाड़ में बवाल (फोटो)

कोटा : झालावाड़ में सड़क पर हुए झगड़े के बाद 20 वर्षीय एक स्थानीय वीडियोग्राफर की कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने कई दुकानों में आग लगा दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी। डग निवासी शंभू सिंह पर एक कार (जिसमें दो लोग सवार थे) से गोली चलायी गयी जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस उपाधीक्षक जय प्रकाश अटल ने बताया कि बृहस्पतिवार को सिंह की गाड़ी उनकी गाड़ी से टकराने के बाद कार सवारों से उनका झगड़ा हो गया और वे उनका मेघवाल मोहल्ले तक पीछा करने लगे, जहां वह एक शादी समारोह की वीडियोग्राफी कर रहे थे।

घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने इलाके में कम से कम छह दुकानों में आग लगा दी और पथराव किया। पथराव में रायपुर के थाना प्रभारी बन्नालाल जाट के सिर में गंभीर चोट आयी जिसके बाद उन्हें झालावाड़ में प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। भीड़ के साथ झड़प में करीब 6 अन्य पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए।

इंटरनेट सेवाएं निलंबित

इसके बाद पुलिस ने रेहान नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कोटा संभागीय आयुक्त राजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे से शनिवार दोपहर 12 बजे तक डग, गंगधार और पेडावा उपखंडों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश दिया। इससे पहले सिंह के परिवार और स्थानीय लोगों ने दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। डग विधायक कालूराम मेघवाल के हस्तक्षेप के बाद वे शांत हुए।

झालावाड़ के जिलाधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मेघवाल ने घोषणा की कि सिंह के परिजनों को 40 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा (जिसमें से पांच लाख रुपये सरकार की ओर से और शेष राशि लोगों से जुटाकर दी जाएगी) साथ ही उनके छोटे भाई को संविदा पर नौकरी भी दी जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article