जयपुर

Rajasthan Accident: नागौर में दो बड़े हादसों में 7 लोगों ने गंवाई जान, एक जगह बस और ट्रक की टक्कर, दूसरी जगह पलटी कार

राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार सुबह दो बड़े हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। सुरपालिया थाना क्षेत्र में लालदासजी महाराज धाम के पास एक स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसके बाद बस पलट गई। जिससे 3 छात्रों की जान चली गई। वहीं सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाराणी के पास कार पलट गई। जिससे चार रिश्तेदारों की मौत हो गई।

Image

फाइल फोटो

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के नागौर जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक एक स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर होने से राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय -जोधपुर के तीन छात्रों की मौत हो गई। वहीं सदर थाना क्षेत्र में एक कार पलटने से चार लोगों की मौत हो गई।

ट्रक से टक्कर के बाद पलटी बस

पुलिस के मुताबिक, सुरपालिया थाना क्षेत्र में लालदासजी महाराज धाम के पास छात्रों को लेकर जा रही एक स्लीपर बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस पलट गई। जायल के क्षेत्राधिकारी खेमाराम ने बताया कि छात्र पंजाब के पटियाला से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जिनमें से चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया।

पटियाला में खेल कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे छात्र

मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी आरुषि गुप्ता, चेन्नई निवासी हर्षित वशिष्ठ और कोलकाता निवासी आरव मिड्ढा के रूप में हुई है। खेमाराम ने बताया कि बस जोधपुर जा रही थी और सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब यह दुर्घटना हुई, तब कई छात्र इसमें सो रहे थे। एक घायल छात्र ने संवाददाताओं को बताया कि छात्रों का समूह पटियाला में एक खेल कार्यक्रम में भाग लेने गया था। वहीं, सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाराणी के पास एक अन्य दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, एक कार के पलटने से चार रिश्तेदारों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सदर के थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान रेवंतराम, सुशील, महेंद्र और मेहराराम के रूप में हुई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article