जयपुर

राजस्थान के IAS- IPS की जोड़ी कमाल, एक रुपये में शादी रचाकर बनाई मिसाल

दहेज प्रथा को खत्म करने के लिए राजस्थान के आईएएस और आईपीएस ने एक रुपये में शादी रचाई और दहेज मुक्त शादी की पहल की। परिवार ने उनके इस फैसले को स्वीकार करते हुए उनका साथ दिया।

Image

जराजस्थान के IAS- IPS की जोड़ी कमाल

देश में शादी के दौरान दहेज लेना या दहेज के लिए लड़की या लड़की पक्ष को प्रताड़ित करना एक बड़ी समस्या है। दहेज न मिलने के कारण शादी टूटने, मारपीट आदि के हर दिन नए मामले सामने आते हैं। इस बीच राजस्थान में एक कपल ने दहेज प्रथा को खत्म करने का बड़ा संदेश देने का प्रयास किया है। राजस्थान के आईपीएस और आईएएस की एक जोड़ी ने दहेज प्रथा को समाप्त करने की पहल की है। यह जोड़ी मात्र एक रुपये में शादी रचाकर सोशल मीडिया पर छाई हुई है। आइए आपको इसके बारे में बताएं -

शादी के लिए दहेज लेने से IPS ने किया इनकार

राजस्थान में दहेज के खिलाफ संदेश देने वाला दुल्हा-दुल्हन और कोई नहीं एक आईपीएस और आईएएस अधिकारी है। आईपीएस राजकुमार मीणा सुरतपुरा के निवासी हैं और उनकी शादी भरतपुर जिले की निवासी आईएएस भारती मीणा से हुई है। यहां आईपीएस दुल्हे ने शादी के लिए दहेज लेने से मना किया और दोनों परिवार ने दूल्हे के इस प्रस्ताव को पूरी तरह से स्वीकार किया। इस शादी के लिए आईपीएस के पिता ने लड़की पक्ष से शगुन के रूप में एक रुपया और नारियल लेकर शादी करवाई और दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा दिया।

आईपीएस के चाचा ने बताई दहेज न लेने की वजह

आईपीएस राजकुमार मीणा के चाचा आदिवासी मीणा समाज के जिला उपाध्यक्ष है। उनका नाम कांजी मीणा है। कांजी मीणा ने भतीजे आईपीएस के विवाह को लेकर बात की और बताया कि शादी में दहेज न लेने की पहल करते हुए शगुन के तौर पर केवल एक रुपये लिया गया है। उन्होंने बताया की इस कदम से समाज में फैली दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को मिटाने की शुरुआत करने का प्रयास किया है। कांजी मीणा ने कहा कि आदिवासी समाज की मीटिंग में जब भी दहेज प्रथा को लेकर बात हुई है तो अक्सर यह कहा जाता है कि पहले बड़े लोग इसे खत्म करें। तभी मध्यम या गरीब लोगों पर नियम पालन करने का दबाव बनेगा। इसे समझते हुए जब आईपीएस और आईएएस अधिकारी ने एक रुपये में दहेज मुक्त शादी रचाई तो समाज को इससे एक अच्छा संदेश मिला। क्योंकि अब दहेज मुक्त शादी की शुरुआत हो चुकी है अब धीरे-धीरे समाज से दहेज प्रथा भी खत्म हो जाएगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article