जयपुर: राजस्थान में चुनावी माहौल के बीच आज फिर से कुछ और नए जिले और संभाग के गठन का ऐलान गया है। नए जिलों के नाम मालपुरा, सुजानगढ़ और कुचामन सिटी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नए संभाग भी बनाने की घोषणा की है। इसी साल सीएम गहलोत ने एक साथ 19 नए जिले और तीन संभाग बनाए थे जो की अस्तित्व में भी आ चुके हैं। अब नए 3 जिलों के नामों का ऐलान कर सीएम अशोक गहलोत ने चुनावी स्टंट खेला है।
अशोक गहलोत (ट्विटर)
जनता की मांग एवं उच्च स्तरीय समिति की अनुशंसा के अनुसार राजस्थान में तीन नए जिले और बनाए जाएंगे। नए जिलों के नाम मालपुरा, सुजानगढ़ और कुचामन सिटी है। इस प्रकार से अब राजस्थान में 53 जिले होंगे। आगे भी उच्च स्तरीय समिति की सिफारिशों के मुताबिक सीमांकन आदि परेशानियों को दूर किया जाता रहेगा।
माना जा रहा सीएम अशोक गहलोत का ये चुनावी दांव है। इससे पहले राज्य में 33 जिले और 7 संभाग हुआ करते थे, लेकिन इसी साल 19 नए जिलों और तीन नए संभाग बनाने का सपना साकार होने पर प्रदेश में कुल 50 जिले और 10 संभाग बन गए थे। आज फिर से 3 नए जिलों के नाम सामने आने के बाद प्रदेश में 53 जिले हो जाएंगे।
इसी साल जो राजस्थान में नए जिलों के नाम बढ़ाए गए थे उनमें अनूपगढ़ ,गंगापुर सिटी, कोटपूतली, बालोतरा, जयपुर ग्रामीण, नीमकाथाना, डीग, जोधपुर शहर , जयपुर शहर , खैरथल, ब्यावर , फलौदी, डीडवाना, जोधपुर ग्रामीण, सलूंबर , दूदू, केकड़ी ,सांचौर और शाहपुरा शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान में तीन नए संभाग बनाए गए थे, जिनमें बांसवाड़ा, पाली और सीकर शामिल हैं। माना जा रहा जल्द ही नए संभाग ( मंडल) के नामों का ऐलान हो सकता है।
