Rajasthan: भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (Pok) में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ बुधवार तड़के कार्रवाई की गई। जिसके बाद से पूरे देश में उपजे हालात के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों द्वारा गुरुवार को यह जानकारी साझा की गई है।
युद्ध जैसी स्थिति और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस बीच कई स्कूलों को बंद करने का अहम फैसला भी लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के चार सीमावर्ती जिलों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में स्कूल बंद हैं। ये जिले भारत-पाक सीमा पर स्थित हैं।
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद की स्थिति को लेकर बुधवार को यहां उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए। सूत्रों ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव सुधांश पंत और पुलिस महानिदेशक यूआर साहू ने संभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों सहित अन्य आला अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और मौखिक रूप से उन्हें अपने-अपने मुख्यालयों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
राजस्थान में हुई मॉक ड्रिल
भारत-पाक के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए राजस्थान के 28 शहरों समेत पूरे भारत में बुधवार को अलग-अलग समय पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। गृह मंत्रालय द्वारा हवाई हमले, ब्लैकआउट और आपात स्थिति में खुदका बचाव करने के लिए तरीके सीखाने के लिए यह मॉक ड्रिल कराए जाने के निर्देश दिए गए थे।
(इनपुट - भाषा)
