Rajasthan BJP Special Membership Campaign: राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब गिनती के महीने रह गए हैं। ऐसे में विपक्ष में बैठी भारतीय जनता पार्टी राज्य की सत्ता पर काबिज गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए चक्रव्यहू की रचना कर रही है। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में हर हाल में सत्ता हासिल करना चाहती है और इसीलिए गहलोत सरकार को चौतरफा घेर रही है। बीजेपी एक तरफ गहलोत सरकार पर हमलावर है तो दूसरी तरफ पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
28 अगस्त तक चलेगा अभियान
इसी के तहत गुरुवार को राजस्थान में विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। बीजेपी का यह सदस्यता अभियान 17 अगस्त से शुरू हुआ है औ 28 अगस्त तक चलेगा। अभियान के तहत बीजेपी 12 दिन में 50 लाख से ज्यादा नए वोटर को पार्टी की सदस्यता देगी। बता दें कि राजस्थान में करीब 52 हजार पोलिंग बूथ हैं और प्रत्येक बूथ पर भाजपा 100 नए वोटर जोड़ेगी। भाजपा का फोकस पहली बार वोट करने वाले लोगों पर है।
सदस्यता के लिए टोल फ्री नंबर
भाजपा ने राजस्थान में विशेष सदस्यता अभियान के लिए टोल फ्री नम्बर भी जारी किया है। इस नंबर पर मिस्ड कॉल से पार्टी नए सदस्य बनाएगी। भाजपा की ओर से विशेष सदस्यता अभियान से जुडने के लिए टोल फ्री नंबर (8140-200-200) जारी किया गया है। टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल के अलावा भाजपा की ओर से ‘क्यूआर कोड ’ स्कैनर को स्कैन करके भी आप भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने साधा गहलोत सरकार पर निशाना
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा, आज पूरा देश भारतीय जनता पार्टी की ओर देख रहा है। राजस्थान की जनता भी आशा भरी नजरों से भाजपा की ओर देख रही है। कांग्रेस के जंगलराज में रक्षक ही भक्षक बने हैं। मुफ्त सुविधाएं देने का ढोंग करने वाली गहलोत सरकार जनता की जेब पर बोझ बन चुकी है।
प्रदेश प्रभारी बोले- गहलोत ने मानी हार
प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि अशोक गहलोत स्वयं संकेत दे रहे हैं कि उन्होंने हार मान लिया है, इसीलिए छात्रसंघ का चुनाव उन्होंने रद्द कर दिया है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश चौधरी, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, अभियान संयोजक बाबा बालकनाथ, राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद राज्यवर्धन सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित कोर कमेटी के सदस्य मौजूद थे।
