जयपुर

Pahalgam Terror Attack: राजस्थान में सुरक्षा अलर्ट, पाक बॉर्डर पर सतर्कता तेज; रखी जाएगी पैनी नजर

पहलगाम आतंकी हमले के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों से तालमेल बनाकर सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता नियोजित करते हुए विशेष निगरानी की जाए ताकि पर्यटकों एवं आमजन के मन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके।

Image

राजस्थान सीएम की बैठक

Pahalgam Terror Attack: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरे राज्य, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जिलों में उच्च स्तर की सतर्कता और निगरानी बनाए रखने के अधिकारियों को बुधवार को निर्देश दिए। संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठककर शर्मा ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते प्रदेश के जिलों में विशेष सजगता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर तालमेल बनाते हुए काम करें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि छोटी से छोटी घटना और सूचना को गंभीरता से लिया जाए तथा तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। इस संबंध में कानून-व्यवस्था को लेकर गृह विभाग द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों की कड़ाई से तथा अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रेंज प्रभारी, जिला प्रशासन एवं पुलिस से नियमित संपर्क में रहें तथा अपने प्रभार वाले क्षेत्र का दौरा भी करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, पर्यटन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता नियोजित करते हुए विशेष निगरानी की जाए ताकि पर्यटकों एवं आमजन के मन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके।

इन जगहों पर निगरानी तेज

उन्होंने निर्देश दिए कि होटल, धर्मशाला जैसे स्थानों की लगातार जांच की जाए ताकि संदिग्ध गतिविधियों वाले व्यक्तियों को समय रहते चिह्नित किया जा सके। शर्मा ने सोशल मीडिया पर गहन निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती बरतते हुए भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करें और सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सही सूचना प्रसारित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला निंदनीय एवं कायरतापूर्ण घटना है तथा इससे पूरा देश स्तब्ध है। इस दुखद घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्रा बीच में छोड़कर वापस भारत लौट आए हैं तथा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया है। इस हमले को अंजाम देने वाला कोई भी आतंकी सुरक्षा बलों से बच नहीं पाएगा। बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यूआर साहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article