Kotputli Fire: कोटपूतली के NH-48 पर चलते ट्रेलर में अचानक आग लग गई। चालक ने मौका रहते ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई। गश्त कर रही परिवहन विभाग की टीम ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम आग बुझाने में जुट गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटों ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल के पास ही एक पेट्रोल पंप स्थित था, लेकिन समय रहते दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली से जयपुर जा रहा था ट्रेलर
आग की यह घटना दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोरदा पुलिया के पास हुई। जानकारी के अनुसार ट्रेलर दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मौरदा पुलिया के पास ट्रेलर से अचानक धुंआ निकलने लगा और आग से ट्रेलर धूं धूं कर जल उठा। ट्रेलर में आग लगने के बाद चालक ने सतर्कता दिखाते हुए हाईवे पर ट्रेलर को रोक दिया और नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
एक घंटे तक यातायात रहा प्रभावित
हाईवे पर गश्त कर रहे परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर नरेश स्वामी ने ट्रेलर से धुंआ उठता देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। जिसके बाद पनियाला थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
