जयपुर

Rajasthan: फलोदी में जंगल से आया डरावना मेहमान, घर में तेंदुआ घुसने से मचा हड़कंप; बाल-बाल बची परिवार की जान

सवाई माधोपुर के फलोदी गांव में एक तेंदुए ने देर रात को एक महिला पर हमले का प्रयास किया। गनीमत रही कि महिला के करीब सूख रहे कपड़ों में तेंदुए के उलझने से महिला की जान बच गई। जिसके बाद अल सुबह तेंदुआ एक घर में घुस गया। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वन विभाग की टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को रेस्क्यू किया। जिसके बाद उसे रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया।

Image

घर में घुसे तेंदुए को किया गया रेस्क्यू

राजस्थान के सवाई माधोपुर में फलोदी गांव में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए को देखर गांव के लोग अपनी जान-बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुआ एक पुराने मकान के अंदर घुसा हुआ था। वन विभाग की टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर अपने कब्जे में लिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। वहीं तेंदुए के घर के एक कमरे में छिपे होने के कारण वन विभाग की टीम को उसे ट्रेंकुलाइज करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी‌। जिसके बाद टीम तेंदुए को रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई।

लोगों की मौजूदगी में घर में घुसा तेंदुआ

रणथंभौर टाईगर रिजर्व से सटे फलोदी गांव में बीती रात को एक महिला खाना खाकर घर के बाहर टहल रही थी। इस दौरान तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया। इस दौरान महिला के करीब दीवार पर बंधे तार पर कपड़े सूख रहे थे, जिसमें तेंदुए के उलझने से महिला की जान बच गई। लेकिन तेंदुआ एक कुत्ते को उठाकर ले गया। जिसके बाद अल सुबह तेंदुआ फिर से गांव में आकर एक घर में घुस गया। इस दौरान घर में पूरा परिवार मौजूद था। गनीमत की बात ये रही कि तेंदुआ घर के उस कमरे में घुसा, जिसमें कोई शख्स मौजूद नही था। जिसका फायदा उठाकर परिवारजन अपनी जान बचाकर घर से बाहर भाग गए।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ हुआ रेस्क्यू

गांव के अन्य लोग भी परिवार जनों के शोर की आवाज सुनकर मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने घर के दरवाजे को बाहर से बंद करके वन विभाग को मामले की सूचना दी। जिसके बाद वनपाल सुमन गुर्जर वन विभाग की टीम के साथ‌ मौके पर पहुंची। टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया। जिसके बाद वन विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई और रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के जंगल में छोड़ दिया। गौरतलब कि इन दिनों रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के आसपास वाले इलाकों में जंगली जानवरों की दहशत छाई हुई है। आए दिन कोई न कोई जंगली जानवर जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों में आ रहे हैं। जिसके चलते इन इलाके के लोगों में दहशत है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article