Khatu Shyam Mandir in Sikar: राजस्थान के सीकर में स्थित विश्विख्यात खाटूश्याम मंदिर 19 घंटे तक बंद रहने वाला है। इस दौरान श्याम भक्तों को बाबा के दर्शन नहीं हो सकेंगे। दरअसल 1 मई को खाटूश्याम बाबा का तिलक और विशेष सेवा-पूजा होगी। जिसके चलते कई घंटों तक मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। इस संबंध में श्री श्याम मंदिर कमेटी ने पत्र जारी कर सूचना दी है।
1 मई की शाम तक बंद रहेगा मंदिर
श्री श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष कालू सिंह के अनुसार मंदिर में 30 अप्रैल की रात 10 बजे से 1 मई की शाम 5 बजे तक दर्शन बंद रहेंगे। इस दौरान खाटू श्याम बाबा की विशेष सेवा, पूजा, श्रृंगार और तिलक किया जाएगा। इस दौरान आम श्रद्धालुओं को न हीं मंदिर में प्रवेश मिलेगा और न ही दर्शन संभव होगा। भक्तों को 1 मई शाम 5 बजे के बाद ही दर्शन के लिए आना होगा। इस दौरान श्रद्धालुओं का खाटूश्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार देखने को मिलेगा।
मंदिर बंद होने के पीछे जुड़ी परपंरा
दरअसल 1 मई को खाटूश्याम बाबा के दर्शन बंद करने के पीछे की वजह मंदिर की परंपरा से जुड़ी है। जिसके अनुसार प्रत्येक अमावस्या की रात के बाद अगले दिन खाटू श्याम बाबा की विशेष सेवा, पूजा, श्रृंगार और तिलक का आयोजन होता है। इस संबंध में श्री श्याम मंदिर के कोषाध्यक्ष कालू सिंह ने बताया कि इस बार खाटू श्याम मंदिर में 1 मई को बाबा की विशेष सेवा और तिलक का आयोजन होगा। इस दिन खाटूश्याम बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। जिसके लिए मंदिर समिति को बिना किसी रुकावट के सभी तैयारियां करनी हैं।
