Rajasthan Accident News: राजस्थान के करौली में भीषण हादसा हो गया। मंगलवार रात को एक कार और निजी बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल गए। यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा बस के नीचे फंस गया।। घटना की सूचना मिलते ही ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
गंगापुर सिटी की ओर जा रही थी कार
करौली के पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित कैलादेवी मंदिर में दर्शन करने के बाद गंगापुर सिटी की ओर जा रहे थे तभी सलेमपुर-कुडगांव रोड पर यह हादसा हुआ। कार में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नयन देशमुख (60), उनकी बहन प्रीति भट्ट (60), उनके बेटे खुश देशमुख (22), बेटी मनस्वी (25) और एक अन्य रिश्तेदार अनीता (55) के रूप में हुई है।
इंदौर के रहने वाले थे मृतक
कुडगांव की थानाधिकारी रुक्मणी गुर्जर ने बताया कि पीड़ित मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। वे कैला देवी मंदिर से निकलकर दौसा के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर जा रहे थे। यह घटना कैला देवी मंदिर से निकलने के बमुश्किल आधे घंटे बाद हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, "आज उनके परिवार के सदस्यों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।"
(इनपुट - भाषा)
