Sirohi News: राजस्थान में सिरोही जिले के आबूरोड (शहर) थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मिट्टी ढहने से वहां काम कर रहे चार मजदूर उसके नीचे दब गए जिनमें से दो की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब ‘सीवरेज’ के लिए खोदे गए गड्ढे में पाइप लगाते समय मिट्टी ढह गई। दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि दो का उपचार चल रहा है।
मिट्टी ढहने से मजदूर दबे
थानाधिकारी बंशीलाल साद ने बताया कि हिना कॉलोनी में ‘सीवरेज’ पाइप डालने के सिलसिले में 10 फुट गहरे खड्डे में चार मजदूर काम कर रहे थे, उसी दौरान अचानक मिट्टी के ढह जाने से चारों मजदूर उसके नीचे दब गये।
घायलों को अस्पताल पहुंचा गया
उन्होंने बताया कि मजदूर अशफाक, राहुल, मनीष और इरफान को नगरपालिका कर्मचारियों, पुलिस के जवानों और आमजन के सहयोग से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।
यूपी के रहने वाले हैं मृतक
उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाने पर उत्तर प्रदेश निवासी अशफाक (25) और राहुल (24) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि दो अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
साद ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है तथा परिजनों के यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। उनके मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है।
