Bundi Crime News: राजस्थान के बूंदी जिले में एक ढाबे के कर्मचारियों ने 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। खाने के बिल को लेकर इनके बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद ढाबे के कर्मचारियों ने लाठी और रॉड से युवक पर हमला कर दिया। मृतक की पहचान कोटा जिले के प्रेम नगर इलाके के निवासी नितिन खटीक के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
युवक अपने तीन दोस्तों के साथ आया था खाने पर
बूंदी सदर थाने के निरीक्षक रमेश चंद आर्य के अनुसार, एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला युवक और उसके तीन दोस्त रविवार देर रात बूंदी के रामगंज बालाजी गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 के किनारे स्थित ढाबे में गए थे। आर्य ने बताया कि खाने के बिल को लेकर विवाद हो गया और ढाबे में मौजूद सात-आठ कर्मचारियों ने नितिन पर कथित रूप से लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
युवक को कोटा के महाराव भीम सिंह (एमबीएस) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है।
(इनपुट - भाषा)
