जयपुर

नए साल के आगाज से पहले खाटू श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम

साल 2024 के आखिरी दिन सीकर में खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। श्रद्धालु बाबा श्याद से नए साल की मंगल कामनाओं के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं। इस मौके पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं।

Image

खाटू श्याम मंदिर

Khatu Shyam Mandir: देश और दुनिया में नए साल का आगाज होने में अब कुछ घंटो का ही समय बचा है। लोग नए साल के स्वागत और जश्न की तैयारियों में जुटे हैं। नए साल के मद्देनजर धार्मिक स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजस्थान में सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे की प्रसिद्ध बाबा श्याम की धार्मिक नगरी में आज श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। वर्ष 2024 का अंतिम दिन होने के कारण यहां श्रद्धालुओं के आना सिलसिला लगातार जारी है।

चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की व्यवस्था

श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर साल 2024 को अलविदा कहते हुए नववर्ष 2025 की मंगल कामनाओं के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं। इस मौके पर पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके साथ ही सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था में भी प्रशासन की ओर से सहयोग किया जा रहा है। बाबा श्याम के दर्शन करने आए एक भक्त ने बताया कि ये कलयुग चल रहा है और ये कलयुग के देवता हैं। पूरे साल भर का हिसाब बाबा के चरणों में रखकर, उनसे नए साल के लिए आशीर्वाद मांगेंगे। बाबा से हम प्रार्थना करेंगे कि हमारा आने वाला नया साल बेहतर हो, इसी उद्देश्य के साथ हम यहां आए हैं। हम हमारा नया साल यहीं मनाएंगे।

भव्य रूप से सजाया गया मंदिर

श्री श्याम मंदिर कमेटी ने बाबा के निज मंदिर को भव्य और आकर्षक रूप से सजाया है, जिसमें भगवान श्री कृष्ण के बाल रूप की झांकियों के साथ कई धार्मिक झांकियां भी सजाई गई हैं। वही, रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर को जगमग किया गया है। बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कोलकाता और दिल्ली से आए सतरंगी फूलों से किया गया है, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। इस बार वीआईपी दर्शन व्यवस्था को बंद कर दिया गया है, जिस वजह से श्रद्धालु कतार में लगकर ही बाबा श्याम के दर्शन कर रहे हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article