जयपुर

Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ में जिला प्रशासन का बड़ा कदम, दिवाली से पहले शुरू किया अतिक्रमण हटाओ अभियान

Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ में बढ़ रहे अतिक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। दिवाली से पहले जिले के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई है और लोगों से भी अतिक्रमण को हटाने की अपील की है।

Image

चित्तौड़गढ़ न्यूज

Photo : iStock

Chittorgarh News: दिवाली में अब अधिक समय बाकी नहीं रह गया है। त्योहार के नजदीक आने के साथ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कई बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। कई बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इतना ही नहीं पुलिस-प्रशासन ने लोगों से सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की अपील भी की। भविष्य में इस तरह के अतिक्रमण को रोकने के लिए चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा, सड़कों के आसपास ठेला गाड़ियों और अवैध तरीके से खड़े वाहनों को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

बाजारों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू

पुलिस उप अधीक्षक विनय चौधरी ने बताया कि जिला कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एक अभियान शुरू किया है। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार से कार्रवाई की शुरुआत की, जिसमें शहरी क्षेत्र के बाजारों में दुकानों के बाहर पड़े सामान को हटाया गया। उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने जिला कलेक्ट्रेट चौराहे से लेकर शास्त्री नगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकान की सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान नहीं रखें, अन्यथा उसे जब्त कर लिया जाएगा।

जिला प्रशासन की लोगों से अपील

इस अभियान के दौरान, प्रशासन ने आम जन और दुकानदारों से अपील की है कि चित्तौड़गढ़ शहर सभी का है और इसे स्वच्छ और साफ बनाने के लिए सभी को पहल करनी होगी। साथ ही, वाहन चालकों से भी अनुरोध किया गया है कि वह अपने वाहनों को पार्किंग स्थल या सुरक्षित स्थलों पर खड़ा करें, ताकि अन्य लोगों को परेशानी न हो। प्रशासन की यह कोशिश है कि दीपावली के पर्व पर शहर को साफ-सुथरा रखा जाए और नागरिकों को कोई परेशानी न हो। बता दें कि प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई व्यापार की ओर से जिला प्रशासन पर लगातार बनाए गए दबाव के बाद की गई है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article