जयपुर

राजस्थान के डिप्टी CM बैरवा को जान से मारने की धमकी, पुलिस ने जेल से 3 लोगों को हिरासत में लिया

Rajasthan Police: राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में स्थानीय पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां की केंद्रीय जेल से तीन लोगों को हिरासत में लिया। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) उत्कल रंजन साहू ने कहा कि निचले स्तर पर 'सिस्टम' में कमी के कारण मोबाइल और सिम जेलों में पहुंच जाते हैं।

Image

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा (फोटो साभार: @DrPremBairwa)

Photo : Twitter

Rajasthan Police: राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को जान से मारने की धमकी देने के मामले में स्थानीय पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां की केंद्रीय जेल से तीन लोगों को हिरासत में लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस मोबाइल फोन से पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर यह धमकी दी गई थी उसकी लोकेशन का पता लगाकर जयपुर सेंट्रल जेल में आरोपियों से बरामद कर लिया गया है।

जेलों में लगाए जाएंगे हाईटेक जैमर सिस्टम

राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) उत्कल रंजन साहू ने कहा कि निचले स्तर पर 'सिस्टम' में कमी के कारण मोबाइल और सिम जेलों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ''राज्य की जेलों में हाईटेक जैमर सिस्टम लगाए जाएंगे, ताकि अगर कोई जेल में मोबाइल और सिम भेजेगा भी तो कॉल नहीं हो पाएंगी।''

साहू ने कहा कि समय-समय पर जेलों में मोबाइल फोन से धमकियां दी जा रही हैं और बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जेलों में मोबाइल और सिम कार्ड नहीं पहुंचने चाहिए, लेकिन निचले स्तर पर सिस्टम में कमी के कारण जेलों में मोबाइल और सिम पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

जेल की हुई तलाशी

जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि कल शाम पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आई थी, जिसमें कॉल करने वाले ने उपमुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी। जोसेफ के अनुसार, फोन की 'लोकेशन' जब पता की गई, तो यह केंद्रीय जेल की निकली और इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को जेल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि देर रात तक जेल की तलाशी ली गई, साथ ही आज सुबह भी तलाशी ली गयी। उन्होंन बताया कि आज तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनके पास से मोबाइल बरामद किया गया है। जोसेफ के अनुसार, यह वही मोबाइल फोन है जिससे धमकी दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि महीना भर पहले दौसा की श्यालवास केंद्रीय जेल में बंद एक कैदी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में जेलर को हटाते हुए दो जेलकर्मियों को निलंबित किया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article