शहर

जयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर; MBBS छात्र की कार ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, अस्पताल में हुई मौत

जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि कार चला रहे एमबीबीएस छात्र पर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

Image

जयपुर में तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipur Road Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड (जगतपुरा) स्थित अक्षयपात्र चौराहे के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप

मामले में वाहन चला रहे एमबीबीएस छात्र पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप लगे हैं। मृतक के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार दौसा निवासी राकेश मीणा (28) अपने परिवार के साथ जगतपुरा के आरती नगर में रह रहे थे।

किस वक्त हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात वह कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चला रहा युवक सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का एमबीबीएस छात्र है। हादसा रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। संबंधित कार मालवीय नगर निवासी दलजीत कौर के नाम पंजीकृत है।

दो बार ओवरस्पीड का चालान कट चुका

पुलिस के अनुसार इस वाहन का पहले भी दो बार ओवरस्पीड का चालान कट चुका है। जानकारी के मुताबिक दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। राकेश पांच दिन पहले ही पत्नी और दो बेटों दक्ष तथा कृष्णा के साथ ब्यावर से जयपुर आए थे।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article