जयपुर में एक बड़े जासूसी मामले का खुलासा हुआ है। राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स की संयुक्त कार्रवाई में एयरफोर्स से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाने वाले एक जासूस को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को सोमवार को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट जयपुर के सीजेएम कोर्ट-1 जयपुर में पेश किया गया, जहां से उसे 2 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी (PC) रिमांड पर भेज दिया गया है।
राजस्थान इंटेलिजेंस ने आरोपी को पकड़ा (सांकेतिक चित्र | iStock)
पाकिस्तान से जुड़े तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो असम के झबुआ एयरफोर्स स्टेशन पर सिविल कर्मी के रूप में कार्यरत था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुमित कुमार पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में था और उन्हें सामरिक महत्व की अत्यंत गोपनीय सूचनाएं लगातार भेज रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एयरफोर्स से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, एयरक्राफ्ट्स और मिसाइलों की तस्वीरें भी पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ साझा की थीं। इतना ही नहीं, उसने कुछ बेहद संवेदनशील जानकारियां तीसरे माध्यम (थर्ड नंबर) के जरिए भी ट्रांसफर कीं, जिससे जांच एजेंसियां सतर्क हो गईं।
सूचनाएं देने के लिए मिलते थे पैसे
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स की ओर से सुमित कुमार को लाखों रुपये की रकम भेजी गई थी। यह रकम उसे गोपनीय सूचनाएं उपलब्ध कराने के एवज में दी जा रही थी।
2023 से लगातार सुमित कुमार पाकिस्तान के हैंडलर्स को एयरफोर्स से जुड़ी अति संवेदनशील जानकारियां पहुंचा रहा है। जिसमे कई एयरबेस से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला सुमित कुमार पहला एयरफोर्सकर्मी है। हालांकि इससे पहले नौसेना जुड़े कर्मचारी पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हुए गिरफ्तार हुए हैं।
पूछताछ जारी
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन महत्वपूर्ण सूचनाओं का लीक हुआ है। इस मामले के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
