Jaipur Accident: जयपुर में शनिवार को सीएम के काफिले के वीआईपी मूवमेंट के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीकर रोड पर एक तेज रफ्तार स्लीपर बस रुके वाहनों में घुस गई और 4-5 कारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जयपुर में वीआईपी मूवमेंट के बीच हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 6:15 बजे सीएम के काफिले के आवागमन को देखते हुए सीकर रोड स्थित सनसिटी के पास ट्रैफिक को रोका गया था। जिसके चलते सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन कतार में खड़े थे। तभी जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पीछे से खड़े वाहनों से टकरा गई। यह टक्कर इतनी तेज थी कि बस ने एक के बाद एक करीब 4 से 5 कारों को टक्कर मार दी। जिससे एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहनों में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
हादसे की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे 6 लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में से एक युवक की हालत गंभीर है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय यादव ने बताया कि स्लीपर बस जयपुर से सीकर की ओर जा रही थी, तभी ट्रैफिक रुकने के कारण खड़े वाहनों में जा घुसी। इस हादसे की वजह ओवरस्पीड बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के बाद सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया।
