राजस्थान में जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से अजमेर जा रही एक ट्रेवलर बस को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जयपुर के पास ट्रेलर-ट्रेवलर बस की टक्कर
सात घायलों की हालत गंभीर
यह भीषण हादसा देर रात करीब 2 बजे बगरू पुलिया से उतरने के बाद बस स्टैंड के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नाशिक जिले के सतना निवासी बताए जा रहे हैं। वे खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बगरू के पास उनकी ट्रेवलर बस की ट्रेलर से टक्कर हो गई। हादसे में घायल हुए 25 लोगों में से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है। बगरू थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
