शहर

जहांगीरपुरी में 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली के जहांगीरपुरी में 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले सैलून में तोड़फोड़ की, फिर इरफान को गली में ले जाकर हमला किया। परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में वारदात होने का आरोप लगाया है।

Image

जहांगीरपुरी में 20 वर्षीय युवक की हत्या

Delhi Murder Case: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में रविवार को 20 वर्षीय युवक इरफान की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इरफान एक सैलून में काम करता था। मृतक के परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में वारदात होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की हैं।

आरोपियों ने सैलून में की तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार, देर शाम करीब 8 बजे चार से पांच युवक इरफान के सैलून में पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की। जब इरफान ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन पास की गली में ले गए। जहां इरफान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जहांगीरपुरी थाने के हेड कांस्टेबल सोहनलाल और हेड कांस्टेबल कृष्ण मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने भीड़ के बीच से घायल इरफान को निकाला और उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि विवाद की शुरुआत सैलून के अंदर हुई, जिसके बाद हमलावर इरफान को पास की गली में ले गए और उस पर जानलेवा हमला किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है।

परिवार ने कहा- पुलिस की मौजूदगी में हुआ हमला

वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मारपीट के दौरान इरफान की मां भी मौके पर पहुंच गई थीं। परिवार का आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन तभी भीड़ में शामिल कुछ लोग चाकू लेकर आए और पुलिस की मौजूदगी में ही इरफान पर कई हमला किया गया। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि इरफान अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article