बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के CM पद छोड़कर राज्यसभा जाने की अटकलें कल यानी बुधवार 4 मार्च से ही लगाई जा रही हैं। इस बीच आज यानी गुरुवार 5 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करके राज्यसभा जाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा सांसद बनना चाहते हैं और जो भी नई सरकार बनेगी, उसको उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।
नीतीश कुमार ने किया कंफर्म, वह राज्यसभा जा रहे हैं
नीतीश कुमार के बिहार का मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की खबरें कल से ही आने लगी थीं। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हो रही थी। इस बीच आज यानी गुरुवार सुबह JDU कार्यकर्ता भड़क गए और सड़कों पर उतर आए। उनका कहना था कि नीतीश कुमार पर मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर नीतीश हट गए तो हमारा क्या होगा। इसके साथ ही उन्होंने धमकी दी थी कि अगर नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया तो बिहार जल उठेगा।
इधर स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह 11 बजे से कुछ मिनट पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट से साफ हो गया कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाएंगे। इसका मतलब है कि आज दोपहर करीब 2 बजे जब NDA के पांच उम्मीदवार बिहार विधानसभा में राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन भरेंगे तो उनमें से एक नीतीश कुमार भी होंगे।
नीतीश कुमार ने अपने X पोस्ट में लिखा, पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हू।
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
