शहर

Israel US Iran War : ईरान-इजराइल युद्ध से बढ़ी टेंशन, दिल्ली-कोलकाता एयरपोर्ट से 100 फ्लाइटें रद्द; SpiceJet ने दिखाई दिलेरी!

Iran-Israel War: ईरान और अमेरिका-इज़राइल के बीच सैन्य संघर्ष के चलते कई विमानन कंपनियां अपनी समय-सारिणी में लगातार बदलाव कर रही हैं, जिससे कुछ हवाई अड्डों और वायु मार्गों पर प्रभाव पड़ा है। दिल्ली, कोलकाता समेत कई एयरपोर्ट से पश्चिम एशिया के लिए उड़ान भरने वाली 100 से अधिक फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइन विश्लेषण कंपनी सिरियम के अनुसार, शनिवार से पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली लगभग 32,000 उड़ानों में से करीब 13,000 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

Image

ईरान-इजराइल युद्ध के कारण फ्लाइट रद्द

Israel US Iran War : अमेरिका-इजराइल की ओर से ईरान पर ज्वाइंट अटैक के बाद पूरा मिडिल ईस्ट जंग की चपेट में है। दोनों तरफ से भीषण हमले से व्यापार-आवागमन समेत कई महत्वपूर्ण चीजें ठप हो गई हैं। चूंकि, ईरान भी कई अरब देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है, जिससे टकराव बढ़ता जा रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते इस संघर्ष के बीच परिचालन संबंधी व्यवधानों भारत समेत अन्य देशों में देखे जा रहे हैं। यही कारण है कि खाड़ी देशों से आवागमन करने वाली बड़ी संख्या में उड़ान सेवाएं प्रभावित हैं। खासकर, अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) (एयूएच), दम्माम, सऊदी अरब (डीएमएम), दोहा, कतर (डीओएच), दुबई, यूएई (डीएक्सबी), जेद्दा, सऊदी अरब (जेईडी), मस्कट, ओमान (एमसीटी), रियाद, सऊदी अरब (आरयूएच) और तेल अवीव, इजराइल (टीएलवी) में जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं या फिर उनके परिचालन में लेट लतीफी है। इसी बीच मंगलवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर कुल 80 और कोलकाता एयरपोर्ट से 10 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। युद्ध से प्रभावित देशों में बड़ी संख्या में भारतीय फंसे हैं, जिन्हें वापस लाने की कवायत चल रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट से कितनी फ्लाइट रद्द

दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि इनमें 36 प्रस्थान उड़ानें और 44 आगमन उड़ानें शामिल हैं। हालांकि, एमिरेट्स सहित कुछ एयरलाइन ने पश्चिम एशिया के लिए आंशिक रूप से सेवाएं फिर शुरू कर दी हैं। उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ’फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दुबई जा रही एमिरेट्स एयरलाइन की उड़ान संख्या ईके-513 वायुक्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों के कारण दिल्ली लौट आई। वहीं, दुबई से आने वाली एमिरेट्स की उड़ान संख्या ईके-512 मंगलवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने ’एक्स’ पर कहा कि पश्चिम एशिया में जारी राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारिणी में बदलाव किया जा रहा है। दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन किया जाता है। इस बीच, पिछले तीन दिन में पश्चिम एशिया संकट के चलते विभिन्न भारतीय एयरलाइन ने 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं।

कोलकाता एयरपोर्ट से 10 फ्लाइट रद्द

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों के अनुसार, एमिरेट्स, कतर एयरवेज, एतिहाद एयरवेज और एयर अरबिया ने कोलकाता से पश्चिम एशिया के गंतव्यों को जोड़ने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुल पांच प्रस्थान और पांच आगमन उड़ानें रद्द की गई हैं।

हवाई अड्डा प्राधिकरण द्वारा साझा विवरण के अनुसार, एमिरेट्स ने दुबई मार्ग पर दो आगमन और दो प्रस्थान उड़ानें रद्द कीं, जबकि कतर एयरवेज ने दोहा के लिए एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान स्थगित की। एतिहाद एयरवेज ने अबू धाबी मार्ग पर एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान निरस्त की, जबकि एयर अरबिया ने अबू धाबी क्षेत्र में एक आगमन और एक प्रस्थान उड़ान रद्द की। सोमवार को भी 20 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें स्थगित की गई थीं। दुबई, दोहा और अबू धाबी जैसे गंतव्यों के लिए कोलकाता से आने-जाने वाली कई उड़ानें अल्प सूचना पर रद्द कर दी गईं, जिससे अनेक यात्री हवाई अड्डे पर फंस गए। यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले संबंधित विमानन कंपनी से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

स्पाइसजेट यूएई में फंसे यात्रियों को वापस लाएगी

विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने कहा कि वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए उस देश के फुजैरा से चार विशेष उड़ानें संचालित करेगी। कंपनी ने अनुसार, वह मंगलवार और अगले कुछ दिनों तक फुजैरा से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए चार विशेष उड़ानें संचालित करेगी। इनमें मुंबई के लिए दो उड़ानें होंगी। विमानन कंपनी यात्रियों की मांग और जरूरी नियामक स्वीकृतियों के अनुरूप अतिरिक्त विशेष उड़ानें संचालित करने की संभावना भी तलाश रही है। स्पाइसजेट चार मार्च से अपनी निर्धारित फुजैरा-दिल्ली और फुजैरा-मुंबई उड़ानें बहाल कर देगी।

यूएई से सीमित निकासी उड़ानें शुरू

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण फंसे हवाई यात्रियों को निकालने के लिए सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात से कुछ गिनी-चुनी उड़ानों का संचालन किया गया, हालांकि इस क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में वाणिज्यिक उड़ानें अब भी बंद हैं। उड़ानों की स्थिति की जानकारी देने वाली ’फ्लाइटरडार24’ के अनुसार, सोमवार को तीन घंटे के दौरान अबू धाबी से इस्लामाबाद, पेरिस, एम्स्टर्डम, मुंबई, मॉस्को और लंदन जैसे शहरों के लिए एतिहाद एयरवेज की कम से कम 16 उड़ानें रवाना हुईं। हालांकि, विमानन कंपनी की वेबसाइट पर दिखाया गया कि उसकी सभी नियमित वाणिज्यिक उड़ानें बुधवार दोपहर तक निलंबित रहेंगी। लंबी दूरी की उड़ानें संचालित करने वाली विमानन कंपनियां एतिहाद एयरवेज, एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने सोमवार को कहा कि वे देश से सीमित संख्या में उड़ानें संचालित करेंगी।

दुबई और अबू धाबी से सीमित संख्या में उड़ानें ऐसे समय में शुरू हुईं जब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने "गंभीर सुरक्षा खतरे" के कारण अपने नागरिकों से संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, सऊदी अरब, मिस्र, लेबनान और ओमान समेत 13 देशों से तुरंत वाणिज्यिक उड़ानों से निकलने को कहा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article