Indore Accident News: इंदौर में गुरुवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने 7 गाड़ियों को टक्कर मार दी। जिसके बाद गाड़ी एक दुकान में जा घुसी। इस दौरान दुकान के बाहर खड़े 4 लोग गाड़ी की चपेट में आने से घायल हो गए। शोर सुनकार दुकानदार बाहर आ गया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कार में तोड़फोड़ की और ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मेडिकल जांच में नशे में पाया गया चालक
यह घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे नगर निगम चौराहा के सामने हुई। घायलों की पहचान सचिन, सौरव, राज वर्मा और अनिकेत के तौर पर हुई है। एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि एक कार चालक ने नगर निगम चौराहा से चिकमगलूर चौराहा के बीच सात गाड़ियों को टक्कर मार दी। जिससे चार लोग घायल हो गए। आरोपी चालक की पहचान गजन मालवी निवासी भिवानी नगर सांवेर रोड के रूप में हुई है। उसकी मेडिकल जांच कराने पर वह नशे की हालत में पाया गया।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि राहुल जैन की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। राहुल के अनुसार गुरुवार शाम को जब वे दुकान में ग्राहकों को कपड़े दिखा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्राहक दुकान के बाहर भी खड़े हुए थे। तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आई और दुकान में आकर घुस गई। जिससे चार लोगों को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आ गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल भेज गया गया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
