Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में चाइनीज मांझे से बड़ा हादसा हुआ है। इस मांझे के कारण एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। कनाड़िया–तिलक नगर के बीच यह हादसा हुआ, जहां गला कटने से युवक की जान चली हई। मृतक रघुवीर धाकड़ टाइल्स ठेकेदार था। बता दें कि एक साल पहले इनरे बेटे की डूबने से मौत हो गई थी।
इंदौर में चाइनीज मांझे से बड़ा हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)
छुट्टी वाले काम पर गया था
परिजनों के अनुसार रघुवीर टाइल्स के काम की ठेकेदारी करता था। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद वह बाइक से एक साइट देखने गया था। लौटते समय सड़क पर फैले चाइनीज मांझे से उसका गला कट गया। राहगीरों ने तुरंत उसके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का दुख नहीं हो रहा कम
परिवार पर यह दूसरा बड़ा दुख है। रघुवीर के एक बेटे की दो साल पहले पानी में डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा साहिल पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और लोगों ने चाइनीज मांझे पर सख्त प्रतिबंध और कार्रवाई की मांग की है।
इंदौर पेयजल त्रासदी
उधर इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप में 21 लोगों की मौत का दावा करते हुए कांग्रेस रविवार को शहर की सड़कों पर उतरी। प्रमुख विपक्षी दल ने देश के सबसे साफ शहर में हुई इस घटना को लेकर बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के इस्तीफे की मांग की।
पेयजल त्रासदी को लेकर कांग्रेस ने शहर के बड़ा गणपति चौराहे से राजबाड़ा चौराहे तक ‘न्याय यात्रा’ निकाली। इस पैदल मार्च में प्रदेश के कई कांग्रेस विधायकों के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां थामे प्रदर्शनकारियों ने इस घटना के जिम्मेदार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की।
दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से लोगों की मौत के कारण सुर्खियों में आया भागीरथपुरा इलाका, राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र ‘इंदौर-1’ में आता है।
