Pune Danapur Special Train: दानापुर रेलवे स्टेशन पर उस समय हलचल मच गई जब पुणे–दानापुर स्पेशल ट्रेन के एक कोच में एक यात्री मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रेलवे अधिकारियों (Indian Railway) के अनुसार, ट्रेन के दानापुर स्टेशन पहुंचने के बाद कोच की जांच के दौरान यात्री के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को ट्रेन से बाहर निकलवाया।
स्टेशन पर जमा हुई लोगों की भीड़
घटना के कारण कुछ समय के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई और यात्रियों के बीच चर्चा का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन अधिकारी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। मृतक की पहचान करने और उसके परिवार से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। रेलवे पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई भी की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकता है।
पुलिस हर एंगल से कर रही मामले की जांच
घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने कोच का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा सके। जीआरपी थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी। फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
