Varanasi Air Show Rehearsal: भारतीय वायुसेना (IAF) के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर वाराणसी में देश के सबसे बड़े एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन से पहले बुधवार को नमो घाट पर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई है। इस दौरान राफेल लड़ाकू विमान की गर्जना से घाट का इलाका गूंज उठा। गंगा के ऊपर विमानों की उड़ान और हेलीकॉप्टर से कमांडोज के प्रदर्शन ने मुख्य आयोजन की तैयारियों की झलक दिखाई।
वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर वाराणसी में होगा भव्य एयर शो
3 तीन चलेगा एयर शो
वायुसेना का यह भव्य एयर शो तीन दिनों यानी 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। एयर शो में वायुसेना के 100 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी ताकत, गति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 25 अक्टूबर का दिन होगा, जब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचकर वायुसेना के इस पराक्रम के साक्षी बनेंगे।
11 से 2 बजे तक फुल ड्रेस रिहर्सल
बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर गंगा की लहरों के ऊपर अपनी रफ्तार और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन कर रहे हैं। घाट पर बने मंच से विमानों की उड़ान और रणनीतिक गतिविधियों की लाइव ब्रीफिंग भी की जा रही है।
सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय जांच
एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। दर्शकों को तीन स्तर की जांच के बाद ही एंट्री दी जाएगी। एयर शो में वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए वाराणसी के सरकारी विभागों के 5,000 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के प्रशासनिक अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ड्यूटी सूची तैयार करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम भी किया जा रहा है।
