Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में जहां एक ओर भीषण गर्मी और लू कहर बरपा रही है, वहीं दूसरी ओर कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 18 राज्यों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता हुआ नजर आ रहा है।
देश में कहां-कहां होगी बारिश
दक्षिण भारत में झमाझम बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, प्री-मानसून के चलते कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हुई है। IMD के अनुसार, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तर-पूर्वी भारत के राज्यों में अगले 4–5 दिनों तक कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-यूपी से झारखंड-बिहार तक बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत की बात करें तो बिहार में आज पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 25 से 28 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं 26 से 28 मई के बीच कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा दिल्ली और यूपी के कुछ हिस्सों में भी आज छिटुपट बारिश की संभावना है। साथ ही राजस्थान में भी बारिश के साथ धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। झारखंड में रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी के आसार हैं।
पहाड़ी राज्यों में हो रही बारिश
पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और चमोली सहित कई जिलों में 25 से 29 मई तक बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई इलाकों में 25 से 30 मई तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में 25 से 30 मई के बीच कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं। जिसके प्रभाव से केरल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है, जबकि तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी मौसम एक्टिव बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज बारिश और हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने को भी कहा है।
कहां तक पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2–3 दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है। इसके दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में आगे बढ़ने के साथ ही कोमोरिन क्षेत्र में भी विस्तार होने की संभावना है। इसके अलावा मानसून बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और पूर्वी मध्य हिस्सों तक पहुंचेगा। वहीं अंडमान सागर के बचे हुए क्षेत्रों में भी इसके फैलने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
