देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। लेकिन कुछ राज्य ऐसे भी है, जहां पर आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने असम, कर्नाटक, त्रिपुरा और सिक्किम के कई जिलों में आंधी-बारिश ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
कहां-कहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, असम के दरांग, कामरूप, कामरूप ग्रामीण, मोरीगांव और नलबाड़ी जिलों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कर्नाटक के बेलगाम, बीजापुर, शिमोगा, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों में भी आंधी-बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा त्रिपुरा के धलाई, गोमती, खोवाई, नॉर्थ त्रिपुरा, सिपाहीजाला, उनाकोटी और वेस्ट त्रिपुरा जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। सिक्किम के गंगटोक, ग्यालशिंग, मंगन, नामची, पाकयोंग और सोरेंग जिलों में भी मौसम बिगड़ा हुआ रहने की संभावना है।
खराब मौसम में इन चीजों से बचें
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे आंधी-बारिश के मौसम पेड़ों, बिजली के खंभों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचें। इसकी वजह ये है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने के कारण जानलेवा हादसे हो सकते हैं। इसके अलावा लोगों को बेवजह घर से बाहर जाने या यात्रा करने से बचने की भी सलाह दी गई है।
मौसम को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से कहा गया है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ घंटों में इन इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
