शहर

बदलापुर में चल रहा था बड़ा खेल: अवैध रूप से बेचे जा रहे थे 'फीमेल स्पर्म'; तीन महिलाओं के खिलाफ FIR

ठाणे के बदलापुर में एक महिला अपने घर से ही यूट्रस में फीमेल स्पर्म (ओव्यूलेशन) बढ़ाने के इंजेक्शन देकर गैर-कानूनी तरीके से फीमेल एग्स बेच रही है। इस मामले में बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

बदलापुर में चल रहा था बड़ा खेल: अवैध रूप से बेचे जा रहे थे 'फीमेल स्पर्म'; तीन महिलाओं के खिलाफ FIR

महाराष्ट्र के बदलापुर में अवैध तरीके से महिलाओं के एग (डिंब)निकालकर बेचने के कथित रैकेट का खुलासा हुआ है। इस मामले में बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में तीन महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

घर से चल रहा था गैरकानूनी नेटवर्क

प्राथमिक जांच के मुताबिक, सुलक्षणा जयवंत गाडेकर (44), जो जुवेली गांव, बदलापुर की निवासी हैं, अपने घर से ही ओव्यूलेशन बढ़ाने वाले इंजेक्शन रखकर महिलाओं को देती थीं। आरोप है कि जरूरतमंद महिलाओं को पैसों का लालच देकर बिना विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के सोनोग्राफी करवाई जाती थी और फिर संबंधित हार्मोनल इंजेक्शन लगाए जाते थे। जब महिलाओं में ओव्यूलेशन बढ़ जाता था, तो उन्हें कथित तौर पर IVF/ART केंद्रों पर भेजा जाता था, जहां ऑपरेशन थिएटर में एग निकाले जाते थे। जांच एजेंसियों को शक है कि इसके बाद इन एग्स की बिक्री की जाती थी।

मोबाइल से मिले अहम सबूत

पुलिस जांच के दौरान आरोपी महिला के मोबाइल फोन से कई अहम दस्तावेज और तस्वीरें बरामद हुईं। इनमें गर्भधारण के लिए उपयोग किए गए इंजेक्शन की तस्वीरें, सोनोग्राफी रिपोर्ट, महिलाओं के गलत नाम से तैयार किए गए हलफनामे (एफिडेविट), नकली दस्तावेज, कई महिलाओं की तस्वीरें और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।

डॉक्टर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

यह मामला बदलापुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. ज्योत्सना सावंत की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपियों की सोनोग्राफी सेंटर, IVF/ART केंद्रों के कर्मचारियों, ड्राइवरों, इंजेक्शन सप्लायर और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों से मिलीभगत हो सकती है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ महिलाओं को डोनर बनाकर बार-बार प्रक्रिया से गुजरने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उनके स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हुआ।

तीन आरोपी नामजद

इस मामले में सुलक्षणा गाडेकर के अलावा अश्विनी चाबुकस्वार (29, निवासी उल्हासनगर) और मंजूषा वानखड़े (46, निवासी उल्हासनगर) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह केवल शुरुआती खुलासा है और जांच के दौरान और नाम सामने आ सकते हैं।

बड़े रैकेट की आशंका

उल्हासनगर के डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित नेटवर्क हो सकता है, जो लंबे समय से सक्रिय था। फिलहाल पुलिस वित्तीय लेनदेन, जुड़े मेडिकल केंद्रों और संभावित पीड़ित महिलाओं की पहचान कर रही है। इस खुलासे के बाद बदलापुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article