शहर

Faridabad: तलाक के विवाद के बीच चलीं गोलियां; पति ने अलग रह रही पत्नी को उतारा मौत के घाट

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के शिव एंक्लेव पार्ट-1 में एक महिला की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। 30 वर्षीय संगीता को तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पति दिलीप यादव को मुख्य संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है।

Image

फरीदाबाद में पति ने अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या की (सांकेतिक फोटो)

Faridabad News: फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित शिव एंक्लेव पार्ट-1 में उस समय हड़कंप मच गया, जब 30 वर्षीय संगीता नाम की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उसे तीन गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति दिलीप यादव को मुख्य संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार रात की है, जो कि, बसंतपुर गांव की सनलाइट कॉलोनी में रात लगभग आठ बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संगीता का पति अपने कुछ परिजनों के साथ उसके घर पहुंचा था, लेकिन उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थी। जब वे लौटने लगे, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात संगीता से हो गई और उसे रोक लिया गया।

दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी

बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान संगीता ने खुद को बचाने की कोशिश की और पीछे हटने लगी, तभी उसके पति ने उस पर तीन राउंड फायर कर दिए। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर संगीता के पिता भी वहां पहुंच गए और पड़ोसियों की मदद से उसे सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

12 साल पहले हुई थी लव मैरिज

पुलिस के अनुसार, संगीता और उसके पति दिलीप यादव ने लगभग 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती समय के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। पिछले करीब ढाई साल से दिल्ली की साकेत कोर्ट में उनके बीच मारपीट और तलाक से जुड़ा मामला चल रहा था। पारिवारिक विवादों के कारण संगीता अपने दोनों बच्चों के साथ पति से अलग रह रही थी।

महिला के पिता ने करवाई शिकायत दर्ज

इस मामले में संगीता के पिता विक्रम ने पल्ला थाना पहुंचकर उसके पति दिलीप यादव के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई है। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और घटना के कारणों की पड़ताल के लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले की जांच जारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस को आशंका है कि प्रेम विवाह के बाद तलाक को लेकर चल रहे विवाद और आपसी तनाव के कारण ही यह वारदात हुई हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच में जुटी है और आरोपी पति की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जता रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article