शहर

Hoshiarpur Road Accident: तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मां-बेटी की दर्दनाक मौत; कई लोग घायल

होशियारपुर में एक अज्ञात वाहन ने ट्राली से उतरकर पैदल जा रहे परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 4-5 अन्य लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है-

Image

होशियापुर सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hoshiarpur: पंजाब के होशियारपुर के मुकेरिया के पास हाजीपुर-मानसर रोड पर एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा बाल-बाल बच गया। यह हादसा उस समय हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने ट्राली से उतरकर पैदल जा रहे परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 4-5 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। कार चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज के आधार मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

रात में मेला देखकर लौट रहा था परिवार

मृतक महिला के भाई, टिम्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बहन रेखा रानी (35), पत्नी पूरन चंद, बेटी गरिमा मेहरा (7) और बेटा रिधम (13) के साथ तलवाड़ा के चिंगड़मां का मेला देखकर लौट रही थीं। वे रात करीब 8 बजे ट्राली में सवार होकर घर जा रहे थे। जब वे मानसर रेलवे फाटक के पास पहुंचे, तो फाटक बंद था। गांव नजदीक होने की वजह से वे पैदल ही घर की ओर चलने लगे।

मामले में कई अन्य घायल

रेलवे फाटक पार करते समय, एक कार सवार अपनी कार मोड़कर वापस जा रहा था, जिसने तेज रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर से रेखा और उनकी बेटी गरिमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि रिधम को मामूली चोटें आईं। घटना में अन्य 4-5 लोग भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मुकेरिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रेखा और गरिमा को मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी

कार चालक टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया, और उसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेखा के परिवार में अब उसका पति और एक बेटा बचा है। मां-बेटी की एक साथ जली चिता से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

(इनपुट-IANS)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article