शहर

Holi 2026: रंगों में सराबोर सियासत, सीएम योगी, मनीष सिसोदिया समेत देश के कई नेताओं ने उत्साह से मनाई होली

देश में आज आम जनता से लेकर प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने भी होली का त्योहार उत्साह से मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, रेखा गुप्ता, मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं ने नागरिकों को शुभकामनाएं दी और एकता, सद्भाव व विकास का संदेश दिया।

Image

देश के कई प्रमुख नेताओं ने मनाई होली

Photo : ANI

देशभर में लोग आज धूमधाम से होली का पर्व मना रहे हैं। होली के रंगों में आम जनता से लेकर राजनीति के लोग भी सराबोर नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी ने भी देश की जनता को होली की बधाई दी। आज सीएम योगी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत समेत कई प्रमुख नेताओं ने अपने-अपने अंदाज में होली खेली। साथ ही जनता को एकता, सद्भाव और विकास का संदेश भी दिया।

दिल्ली में सीएम समेत कई बीजेपी नेताओं ने मनाई होली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर होली खेली। इस मौके पर उन्होंने लोगों को होली की बधाई देते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह पर्व लोगों के लिए नई ऊर्जा और विकास की लहर लेकर आए। दिल्ली में मंत्री परवेश साहिब सिंह ने भी अपने घर पर जनता के साथ होली मनाई। इस दौरान उन्होंने अच्छे और मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की अहमियत पर जोर दिया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी होली का पर्व लोगों के साथ मनाया। उन्होंने होली को प्रेम और पॉजिटिविटी का पर्व बताते हुए देश और दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

रक्षा मंत्री ने होली पर बजाए ढोल

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ होली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गायों और बछड़ों को गुलाल का टीका लगाकर चारा भी खिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही सुख, समृद्धि और सफलता की कामना भी की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने आवास पर होली खेली। इस दौरान उन्होंने ढोल बजाया और लोगों को गुलाल भी लगाया। इस मौके पर उन्होंने दुनिया में शांति और भाईचारे की कामना की।

आप और कांग्रेस नेताओं ने भी खेली होली

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने अपने आवास पर समर्थकों साथ रंगों का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को होली की बधाई दी और यह भी कहा कि यह होली AAP के लिए बहुत खास है। सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, आतिशी और गोपाल राय सभी यहां होली मनाने आएंगे। वहीं कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी घर पर होली मनाई। साथ ही शांति और भाईचारे की कामना की।

इस तरह होली 2026 में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी नेताओं ने रंग, उमंग और एकजुटता का संदेश दिया।

एमपी के सीएम ने भोपाल में खेली होली

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में होली खेली। उन्होंने राज्य और देश के सभी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सीएम ने किसानों और कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों का जिक्र भी किया। वहीं पुरी में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भगवान जगन्नाथ की नगरी में होली का त्योहार मनाया, जबकि दिल्ली में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अपने आवास पर समर्थकों संग होली खेली।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article