शहर

होली पर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट, 15 हजार जवान सड़कों पर तैनात; नियम तोड़े तो लाइसेंस होगा सस्पेंड

होली के अवसर पर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लगभग 15,000 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। इस दौरान 134 प्रमुख चौराहों पर विशेष टीमें तैना की गई हैं।, जो शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखेंगी। नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Image

फाइल फोटो

Photo : iStock

Delhi News: होली के मद्देनजर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है और शहर में सख्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों की धरपकड़ के लिए 134 प्रमुख चौराहों पर विशेष टीम तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर उल्लंघन की स्थिति में ड्राइविंग लाइसेंस कम से कम तीन महीने के लिए निलंबित किया जाएगा।

तेज रफ्तार और स्टंट पर रोक

दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि त्योहार के दौरान जन-सुरक्षा बनाए रखने और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना, लालबत्ती पार करना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा स्टंट करने जैसी गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष टीम तैनात की गई हैं।

ड्रंक ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई

पुलिस ने एक परामर्श जारी करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, लालबत्ती पार करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और तेज रफ्तार के मामलों में सड़क सुरक्षा पर उच्चतम न्यायालय की समिति के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए चालक का लाइसेंस जब्त कर लिया जाएगा और उसे कम से कम तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि यदि कोई वाहन नाबालिग या अनधिकृत व्यक्ति द्वारा चलाया जाता पाया गया तो पंजीकृत वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) दिनेश गुप्ता ने कहा, "होली को ध्यान में रखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने विस्तृत यातायात प्रबंध योजना जारी की है। हमारे कर्मी लगभग 134 प्रमुख चौराहों पर तैनात हैं। प्रमुख इलाकों में कर्मी मौजूद रहेंगे और वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। हमारा मुख्य ध्यान शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं को रोकना है।" उन्होंने कहा, "हम सभी प्रकार के यातायात उल्लंघनों पर अंकुश लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और जहां भी उल्लंघन पाया जाएगा, उचित कार्रवाई की जाएगी।" अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए यातायात उल्लंघन के मामलों का भी पुलिस संज्ञान लेगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article