राजस्थान का इतिहास हजारों साल पुराना है, जिसमें झुंझनू का शेखावाटी अंचल भी काफी समृद्ध माना जाता है। इसके इतिहास को नये दौर में एक महत्वपूर्ण खोज सामने आई है। दरअसल, खेतड़ी तहसील के त्यौंदा गांव स्थित ‘रीढ़ का टीला’ पर प्राचीन अवशेष मिले हैं, जो इस क्षेत्र के मध्यकालीन अतीत को सामने लाने का सशक्त आधार बनकर उभर रहे हैं। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग राजस्थान यहां वैज्ञानिक पद्धति खुदाई करा रहा है, जिसके शुरुआती चरण में ही 11वीं-12वीं शताब्दी के एक भव्य मंदिर के अवशेष मिले हैं। यह खोज न केवल धार्मिक महत्व को दर्शाती है, बल्कि शेखावाटी क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के भी ठोस प्रमाण प्रस्तुत करती है।

रीढ़ का टीला’ पर खुदाई में मिले ऐतिहासिक अवशेष
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के खंड मिले
खुदाई के दौरान पत्थरों से निर्मित फर्श, चौकोर आधार पर स्थापित पाषाण खंड और अर्धवृत्ताकार संरचना के अवशेष सामने आए हैं। इसके अलावा लाल पत्थर के बड़े ब्लॉक और ईंट-निर्मित ढांचे इस बात के संकेत देते हैं कि यहां एक सुव्यवस्थित और विशाल मंदिर परिसर मौजूद रहा होगा। स्थल से देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियों के खंड भी प्राप्त हुए हैं, जो इस क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों और समृद्ध सांस्कृतिक जीवन के स्पष्ट संकेत देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ये अवशेष मंदिर की कलात्मकता और स्थापत्य शैली को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रीढ़ का टीला’ पर खुदाई में मिले ऐतिहासिक अवशेष
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘रीढ़ का टीला’ की ये खोज शेखावाटी के मध्यकालीन इतिहास को समझने में मील का पत्थर साबित हो सकती है। इससे यह भी संकेत मिलतें हैं कि यह क्षेत्र उस समय धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से काफी विकसित रहा होगा। खुदाई कार्य पुरातत्व विभाग के उत्खनन अधीक्षक विनीत गोधन और खोज एवं उत्खनन अधिकारी डॉ. विवेक शुक्ला के निर्देशन में किया जा रहा है। टीम में वरिष्ठ नक्शा नवीस रजनीकांत वर्मा और सुनील सांखला सहित पांच सदस्य शामिल हैं। इनके साथ करीब 30 स्थानीय मजदूर भी खुदाई कार्य में लगे हुए हैं। खुदाई का कार्य अभी जारी है और विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण अवशेष सामने आ सकते हैं, जो शेखावाटी क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को और मजबूत करेंगे।
