शहर

दिल्ली में 'भारती – नारी से नारायणी' सम्मेलन; विज्ञान भवन में जुटेंगी देशभर की महिला विचारक, नेतृत्व और सशक्तिकरण पर होगा मंथन

दिल्ली के विज्ञान भवन में 7 और 8 मार्च को देशभर की महिला विचारकों का एक भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसका केंद्रीय विषय “भारती – नारी से नारायणी” है। यह दो दिवसीय आयोजन महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त करने पर केंद्रित रहेगा। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की सहभागिता के साथ महिला सशक्तिकरण के विविध आयामों पर गहन मंथन किया जाएगा।

Image

दिल्ली में 'भारती – नारी से नारायणी' सम्मेलन का आयोजन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: देशभर की महिला विचारकों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन 7 और 8 मार्च को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्र सेविका समिति, शरण्या तथा भारतीय विद्वत परिषद के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी साझा की। दो दिवसीय यह आयोजन “भारती – नारी से नारायणी” विषय पर विज्ञान भवन में संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी, जबकि समापन सत्र में भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी रहेगी।

देशभर में समिति की 4,500 शाखाएं संचालित

राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका सीता गायत्री ने बताया कि यह सम्मेलन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय महिलाओं की सकारात्मक शक्ति को एक साथ लाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि समिति समाज के पूरे विकास के लिए काम करती है। समिति का मानना है कि महिला और पुरुष दोनों एक समान हैं और एक-दूसरे के पूरक हैं। राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना 1936 में हुई थी और अब इसके 90 साल पूरे हो चुके हैं। आज देशभर में समिति की 4,500 शाखाएं संचालित हैं। समिति से जुड़ी 65 संस्थाएं शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में लगभग 2,000 सेवा कार्य चला रही हैं।

महिलाओं को सशक्त नेतृत्व के लिए प्रेरित करना

भारतीय विद्वत परिषद की सचिव डॉ. वी. शिवानी ने कहा कि, “भारती – नारी से नारायणी” इस राष्ट्रीय सम्मेलन की केंद्रीय थीम है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है। इस दो दिवसीय आयोजन में ज्ञान, शक्ति, स्वतंत्रता, जागरूकता, प्रकृति, संस्कृति, उपलब्धि और सृजन जैसे आठ विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में चार विशेष परिचर्चाओं का आयोजन भी किया जाएगा। महिला सांसद “पंच परिवर्तन” विषय पर अपने विचार साझा करेंगी। इसके अलावा महिला कुलपतियों की एक अलग बैठक आयोजित होगी। वहीं “साध्वी संगम” सत्र में योग, धर्म और आध्यात्मिक विषयों पर संवाद एवं चिंतन किया जाएगा।

महत्वपूर्ण पहल साबित होगा आयोजन

सम्मेलन के दौरान देशभर से प्राप्त सुझावों तथा पारित प्रस्तावों को संकलित कर भारत सरकार के संबंधित मंत्रालयों और विभागों को प्रेषित किया जाएगा। शरण्या की अध्यक्ष अंजू आहूजा ने कहा कि यह आयोजन समाज के हर वर्ग की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की दिल्ली प्रांत प्रमुख डॉ. रचना वाजपेयी ने जानकारी दी कि सम्मेलन में समिति की प्रमुख संचालिका शांता कुमारी भी उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा साध्वी ऋतंभरा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रधान और अन्नपूर्णा देवी समेत अनेक विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article