Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यहां लाहौल स्पीति में बर्फबारी देखने को मिली है। इसके अलावा केलांग, रोहतांग और बारालाचा दर्रे में बर्फबारी हुई है। केलांग में 5 से 6 इंच बर्फबारी दर्ज हुई, जबकि ऊँचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा दर्रे पर एक फुट डेढ़ फुट तक बर्फबारी हुई। जिसके चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
हिमाचल के कई इलाकों में बर्फबारी (सांकेतिक फोटो)
आज कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी
हिमाचल के कई इलाकों में आज बर्फबारी देखने को मिली। पश्चिमी विक्षोभ के चलते यहां के मौसम में बदलाव हुआ है। लाहौल स्पीति में लोगों को अप्रैल के महीने में भी ठंड से निजात नही मिली है। यहां का मौसम खराब है और बर्फबारी भी हो रही है। मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी को येलो अलर्ट जारी किया था। इसके अलावा कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था।
मिशन स्नो क्लेरेन्स का कार्य प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम और बर्फबारी के कारण मनाली लेह सड़क का बारालाचा से सरचू 'मिशन स्नो क्लेरेन्स' का कार्य भी प्रभावित हुआ है।बीआरओ ने मनाली लेह सड़क को 23 मार्च तक बहाल करने का समय निर्धारित किया था। लेकिन मौसम में लगातार खराबी और बर्फबारी के कारण इस कार्य में बाधा आई है, वहीं बर्फबारी के कारण ग्राम्फु, काजा और समदो सड़क से भी बर्फ हटाने के कार्य पर असर पड़ा है।
