मैदानी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल पूरी तरह से भरे हुए हैं। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों की ओर भाग रहे हैं। यही कारण है कि वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश के शहर पर्यटकों से गुलजार रहे।
शिमला से लेकर सोलन तक में उमड़ी भीड़
हिमाचल प्रदेश में वीकेंड पर सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। शिमला, मनाली, चायल, कसौली, सोलन सहित अन्य सभी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। हाल ये है कि शहर के ज्यादातर होटल भरे हुए हैं।
सड़कों पर भयंकर जाम
हाल है कि सैलानियों के कारण कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर जगह-जगह कई किलोमीटर तक लंबा जाम लगा हुआ है। हालत ये बनी हुई है कि जिस सफर को आधे घंटे में पूरा कर लिया जाता था, उसको तय करने में कई- कई घंटे लग रहे हैं। जिससे सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गाड़ियां रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हो गई है।
रिकॉर्डतोड़ पर्यटक
इस साल मई तक हिमाचल प्रदेश में 74 लाख से अधिक पर्यटक आए हैं, जिससे पिछले साल की तुलना में पर्यटकों की संख्या में 3.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मई के अंत तक 32,415 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 74,64,184 पर्यटक राज्य में आए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 23,174 विदेशी पर्यटकों सहित 72,02,956 पर्यटक आए थे, जो 3.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
