Himachal Pradesh Snowfall: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। मनाली के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिंकुला और रोहतांग में बर्फ गिरना शुरू हो गया है। आसमान से गिरती बर्फ देखकर पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए। रविवार को रोहतांग और शिंकुला पहुंचे पर्यटकों का स्वागत बर्फ के नजारों ने किया। रोहतांग दर्रे में आज फोर-बाई-फोर वाहनों से लगभग 277 पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों ने बर्फ गिरते देख अपने उत्साह को कैमरे में कैद किया। शिंकुला दर्रे में भी पर्यटकों ने दस्तक दी और बर्फ में खेल-खेल में आनंद लिया। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए भारी संख्या में लोग बर्फ का आनंद लेने कुल्लू-मनाली की ओर बढ़ रहे हैं।
मनाली में बर्फबारी शुरू
बता दें कि, हिमाचल प्रदेश में सर्दियों का मौसम पूरी तरह से दस्तक दे चुका है और इस वजह से राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल, जैसे कि कुल्लू और मनाली, में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दिल्ली और उत्तर भारत के कई अन्य शहरों में बढ़ती धुंध और खराब वायु गुणवत्ता के कारण लोग ताजी हवा लेने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि यहां आकर उन्हें सांस लेने में राहत मिली, साथ ही प्रदूषण के कारण होने वाली खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं से भी आराम मिला।
कुल्लू जिले में भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। देशभर से लगभग 15,000 वाहन कुल्लू-मनाली पहुंच चुके हैं, जिससे राज्य के पर्यटन उद्योग को मजबूती मिली है। कुल्लू जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया कि पूरे जिले में, जिसमें मनाली, मणिकरण, कसोल, तीर्थन, बंजार, जीभी और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं, पर्यटकों की आगमन दर में बढ़ोतरी हुई है।
