Ajmer Road Accident: राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहां हाईवे पर तेज गति से आ रहे एक ट्रेलर ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में दाधीच कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय किरण कंवर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अजमेर ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनके पति विक्रम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
अजमेर में घातक बना ट्रेलर
बाइक को घसीटता हुआ आगे निकल गया ट्रेलर
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दुर्घटना से पहले बाइक सवार दंपति ट्रेलर को रोकने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन तेज रफ्तार वाहन ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें टक्कर मारते हुए बाइक को घसीटता हुआ आगे निकल गया।
नशे की हालत में चला रहा था वाहन
घटना के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर चालक प्रकाश मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचला
वहीं, इससे पहले राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शुक्रवार तड़के एक ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचल दिया जिससे दो नाबालिग लड़कियों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा गुड़ा गौड़जी थाना क्षेत्र अंतर्गत नांगली निर्वाण गांव में हुआ, जहां दो परिवारों के सदस्य कार्यस्थल पर तंबू लगा कर सो रहे थे। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर ने सो रहे मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में 13 वर्षीय प्रियंका और 14 वर्षीय मौड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। 22 वर्षीय महिला, छोटकी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया।
