शहर

चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर HC का बड़ा फैसला, 24 जनवरी को होने वाले चुनाव स्थगित

चंडीगढ़ में 24 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव को लेकर पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मेयर चुनाव स्थगित करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि इसके लिए फिर से नई अधिसूचना जारी किया जाए।

Image

फाइल फोटो।

Photo : iStock

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने चंडीगढ़ नगर निगम के महापौर का चुनाव 24 जनवरी को कराने की चंडीगढ़ प्रशासन की अधिसूचना सोमवार को खारिज कर दी। न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर और न्यायमूर्ति विकास सूरी की पीठ ने केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन को 29 जनवरी के बाद महापौर चुनाव कराने के लिए नयी अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया।

यह निर्देश आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद और चंडीगढ़ के मौजूदा महापौर कुलदीप कुमार धलोड़ द्वारा दायर एक याचिका पर आया, जिन्होंने अनुरोध किया था कि महापौर चुनाव फरवरी में कराये जाएं ताकि वह अपना एक साल का कार्यकाल पूरा कर सकें। उन्होंने इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया।

याचिका में याचिकाकर्ता ने यह भी अनुरोध किया कि महापौर चुनाव में गुप्त मतदान के बजाय हाथ उठाकर मतदान कराया जाए।

उच्च न्यायालय में सोमवार को सुनवाई के बाद धलोड़ के वकील फेरी सोफत ने कहा कि याचिका में कहा गया है कि अगर 24 जनवरी को महापौर चुनाव होता है तो उन्हें एक साल से भी कम का कार्यकाल मिलेगा, क्योंकि वह पिछले साल 20 फरवरी को इस पद के लिए निर्वाचित हुए थे, जब उच्चतम न्यायालय ने 30 जनवरी, 2024 के चुनाव रद्द कर दिए थे।

सोफत ने कहा कि उच्च न्यायालय ने 24 जनवरी को महापौर चुनाव कराने की अधिसूचना को रद्द कर दिया और चंडीगढ़ प्रशासन को 29 जनवरी के बाद चुनाव कराने का निर्देश दिया। वकील ने कहा कि अदालत ने पाया कि चूंकि महापौर चुनाव पिछले साल 30 जनवरी को हुए थे, इसलिए महापौर का कार्यकाल 29 जनवरी तक होगा।

पिछले साल 20 फरवरी को उच्चतम न्यायालय ने महापौर चुनाव के उस नतीजे को पलटते हुए कुमार को चंडीगढ़ नगर निगम का महापौर घोषित किया था, जिसमें भाजपा उम्मीदवार विजयी हुए थे। तत्कालीन पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर 2024 के महापौर चुनाव में मतपत्रों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया था।

हाथ उठाकर मतदान के मुद्दे पर सोफत ने कहा कि अदालत ने प्रशासन से इस अनुरोध पर पुनर्विचार करने को कहा है।

चंडीगढ़ प्रशासन ने सात जनवरी को चंडीगढ़ नगर निगम के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के पदों पर 24 जनवरी को चुनाव कराने की अधिसूचना जारी की थी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 20 जनवरी थी।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article