हिमाचल में बारिश का कहर! शिमला-कालका टॉय ट्रेन पर लगा ब्रेक; ट्रैक के नीचे बही मिट्टी; 10 सेवाएं रद्द

Shimla Kalka Toy Train: हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश ने ऐतिहासिक शिमला-कालका रेल मार्ग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोलन में ट्रैक के नीचे की मिट्टी बहने से टॉय ट्रेन सेवा प्रभावित हुई और कालका-शिमला के बीच 10 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, भारी बारिश और भूस्खलन के चलते राज्य में कई सड़कें बंद हैं और मौसम विभाग ने भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Shimla Kalka Toy Train: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण शिमला-कालका नैरो गेज रेलवे लाइन पर रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल इस ऐतिहासिक रेल मार्ग पर सोलन जिले में ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह जाने के बाद रविवार को 10 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, भारी बारिश के चलते कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक का एक हिस्सा असुरक्षित हो गया था। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद लोकप्रिय टॉय ट्रेन सेवा को एहतियातन रोक दिया गया। शिमला रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संजय गेवर ने बताया कि रविवार को कालका और शिमला के बीच चलने वाली कुल 10 ट्रेनों का संचालन रद्द रहा। ट्रैक की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही रेल सेवाओं को दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।

Shimla Kalka Railway Line

मानसून की मार से शिमला-कालका रेल मार्ग बेहाल

ब्रिज नंबर 57 के पास बह गई मिट्टी

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कोटी और गुम्मन स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 57 के आसपास ट्रैक को सहारा देने वाली मिट्टी बारिश के पानी के साथ बह गई। इस हिल स्लिप के बाद रेलवे ने तत्काल राहत और बचाव अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों समेत 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे के मुताबिक, राहत अभियान के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी तरह की बड़ी परेशानी नहीं होने दी गई। आमतौर पर सप्ताहांत में पर्यटकों और यात्रियों से गुलजार रहने वाला शिमला रेलवे स्टेशन रविवार को अपेक्षाकृत शांत नजर आया।

End of Feed