J&K Rain Havoc: वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड से 'बड़ा हादसा', 34 की मौत; जम्मू-कश्मीर में तबाही का मंजर, पुल टूटे-संचार ठप, स्कूल बंद-परीक्षाएं स्थगित

जम्मू में वैष्णो देवी मार्ग में मंगलवार को हुई लैंडस्लाइड की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। इस हादसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आंशका जताई गई है। प्रदेश में लगातार जारी भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। इसके कारण मोबाइल टावरों को नुकसान हुआ है। पुल ढह गए हैं और बुनियादी ढ़ांचों को भी काफी क्षति हुई है।

Jammu Kashmir News: जम्मू क्षेत्र में मंगलवार को नदियों के उफान पर होने से पानी के वेग से रास्ते में आने वाली हर चीज तहस-नहस हो गई। जिससे चट्टान, पेड़ और पत्थर ढलानों से नीचे गिर पड़े। बीते दिन वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें अब तक 34 लोगों की मौत हो गई है। लगातार भारी बारिश ने न केवल जम्मू में बल्कि कश्मीर घाटी में भी तबाही मचाई। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, पुल ढह गए और मोबाइल टावर और बिजली के खंभे टहनियों की तरह टूट गए। अचानक बाढ़ और भूस्खलन के मद्देनजर वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित कर दी गई।

JK Landslide

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से तबाही (ANI)

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश के बड़े हिस्से में दूरसंचार सेवाएं ठप हो गईं, जिससे लाखों लोगों का संचार संपर्क टूट गया और समस्याएं बढ़ गईं। उन्होंने बताया कि जम्मू-श्रीनगर और किश्तवाड़-डोडा राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात निलंबित कर दिया गया और दर्जनों पहाड़ी सड़कें भूस्खलन या अचानक आई बाढ़ के कारण बंद या क्षतिग्रस्त हो गईं। जम्मू आने-जाने वाली कई ट्रेन रद्द कर दी गईं।

वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे भूस्खलन हुआ। जिसकी चपेट में आने से अब तक 34 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अर्धकुआरी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल जुटे हुए हैं और कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन कटरा शहर से पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग बीच में हुआ।

End of Feed