शहर

Rajasthan Weather: राजस्थान में भारी बारिश, सड़कें जलमग्न

राजस्थान के कुछ स्थानों पर पिछले 24 घंटों में बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि डूंगरपुर, बांसवाड़ा और राजसमन्द जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है।

Image

Heavy Rain in Rajasthan

जयपुर: राजस्थान के कुछ स्थानों पर पिछले 24 घंटों में बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि डूंगरपुर, बांसवाड़ा और राजसमन्द जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, इस दौरान पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश बांसवाड़ा के बागीडोरा में 80 मिलीमीटर, ओबारी में 79 मिमी, डूंगरपुर के गणेशपुर में 66 मिमी, राजसमंद के देलवाड़ा में 72 मिमी और पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर के गदरा रोड में 50 मिमी बारिश हुई। मौसम केन्द्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जैसलमेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस तथा बीकानेर में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री दर्ज किया गया।

मेघ गर्जन की संभावना

केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बुधवार को एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है तथा मानसून जैसलमेर, कोटा से होकर गुजर रहा है।

उन्होंने बताया कि इसके प्रभाव से आगामी 24 घंटे में जोधपुर, उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। आज 10 जुलाई को उदयपुर संभाग में और 11 जुलाई को भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

12 जुलाई तक बारिश की संभावना

प्रवक्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार से मानसून ट्रफ लाइन के हिमालय की ओर जाने से बारिश में कमी होने की संभावना है। 11-15 जुलाई को छुटपुट स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में 11-12 जुलाई को अपेक्षाकृत तेज सतही हवाएं चलने व केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 13 से 15 जुलाई के दौरान अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article