शहर

दिल्ली NCR में राहत की बारिश, तेज-हवाओं के साथ कड़कड़ाई बिजली; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भीषण लू से झुलस रही दिल्ली को बृहस्पतिवार शाम अचानक मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी, जब कई इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं। IMD ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए बिजली गिरने, धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

Image

दिल्ली NCR में राहत की बूंदें

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi NCR Weather Alert: पिछले कई दिनों से जारी भीषण लू के बाद दिल्लीवासियों को बृहस्पतिवार शाम को तब बड़ी राहत मिली, जब राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ीं और तेज हवाएं चलीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने शहर भर में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, धूल भरी आंधी चलने और छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

इस दौरान हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम कार्यालय ने कहा कि बारिश और मेघगर्जन की मौजूदा गतिविधियां 31 मई तक जारी रहने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद आया है, जिसके दौरान दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दिन की तुलना में बृहस्पतिवार को शहर भर में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। स्काईमेट वेदर के महेश पालावत ने कहा कि शुक्रवार को तूफानी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है और यह दौर 30 मई तक जारी रहने की उम्मीद है, जिसके बाद 30 और 31 मई के बीच मौसम का यह रुख गुजरात की ओर स्थानांतरित हो सकता है।

यूपी के मौसम को लेकर क्या है अनुमान?

IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा, जहां 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। आईएमडी के लखनऊ स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि झांसी में 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, इसके बाद उरई में 44.8 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर शहर में तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलीगढ़ में यह 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हमीरपुर और लखीमपुर खीरी में भी भीषण गर्मी देखी गई, जहां क्रमशः 42.2 डिग्री सेल्सियस और 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज में 41 डिग्री सेल्सियस, जबकि सोनभद्र के चुर्क में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। शहर का न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम कार्यालय ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की भविष्यवाणी करते हुए भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और धूल भरी आंधी आने की पूरी संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर 70 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

राजस्थान का श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर

राजस्थान का श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के चूरू में 46.5 डिग्री सेल्सियस, कोटा और पिलानी में 46.4 डिग्री सेल्सियस, अलवर और फलौदी में 46 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 45.4 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 45.3 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 43.7 डिग्री सेल्सियस और अजमेर में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। विभाग ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तरी जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में IMD का क्या अलर्ट है?

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के लिए भी चेतावनी जारी की है, जिसमें शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, मेघगर्जन और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। यहां के मौसम केंद्र द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 3,800 मीटर और उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड के सात जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, भारी बारिश और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं (जो 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं) के साथ मेघगर्जन की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में शिमला मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को पांच जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं (गति 40-60 किमी प्रति घंटे) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार शाम से पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और ऊना तथा बिलासपुर में लू का प्रकोप देखा गया। मौसम विभाग ने राज्य में तीन जून तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

हरियाणा और पंजाब में गर्मी से हाल बेहाल

हरियाणा और पंजाब में भी गर्म मौसम की स्थिति देखी गई, जहां सिरसा और फरीदकोट दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के सिरसा और पंजाब के फरीदकोट दोनों जगहों पर अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार, भिवानी और रोहतक में भी भीषण गर्मी का प्रकोप रहा, जहां क्रमशः 44.2, 40 और 43.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस, जबकि नारनौल में 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के पटियाला और लुधियाना में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article