Gwalior House Roof Collapse: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां भारी बारिश के बाद एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में एक महिला और उसके दो साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
कई सालों से इस घर में रह रहा था परिवार
यह घटना गुरुवार तड़के डबरा कस्बे के जंगीपुरा इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, परिवार पिछले कई सालों से इस मकान में किराए पर रह रहा था। देर रात बारिश के बीच अचानक मकान की छत और हिस्सा भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त परिवार के सभी पांच सदस्य घर के अंदर मौजूद थे और मलबे के नीचे दब गए।
महिला का पति और दो बेटियां घायल
डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान 35 वर्षीय सीमा और उनके दो साल के बेटे आदित्य के रूप में हुई है। वहीं सीमा के पति 38 वर्षीय जगेन्द्र रजक और उनकी बेटियां 8 वर्षीय रागिनी और 5 वर्षीय वैशाली घायल हो गईं। जगेन्द्र ग्वालियर की एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
मलबे में दबे परिवार को रेस्क्यू कर निकाल
मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को पहले डबरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। तीनों का इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुराना मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हुआ था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
