Heatwave Alert: मौसम विभाग के द्वारा 28 मई और 29 मई को देश के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की चेतावनी जारी की गई है। 28 मई को छत्तीसगढ़, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और विदर्भ के कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव (Severe Heat Wave) की स्थिति भी बन सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 28 से 29 मई तक हीटवेव का असर रहने की आशंका है। वहीं 29 मई को पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में हीटवेव जारी रह सकती है, जबकि तेलंगाना में 29 से 30 मई के दौरान गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप थोड़ा कम या बढ़ भी सकता है, लेकिन कई हिस्सों में लू जैसी परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है।
कहां रहेगा हीटवेव का रेड, ऑरेज और येलो अलर्ट?
रेड अलर्ट (गंभीर हीटवेव/Severe Heatwave):पश्चिम राजस्थान (28–29 मई), पूर्वी मध्य प्रदेश (28 मई), पूर्वी राजस्थान (28 मई) और विदर्भ (28 मई) में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
ऑरेंज अलर्ट (हीटवेव):
हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ (28 मई) और तटीय आंध्र प्रदेश व यनम (28–29 मई) में हीटवेव का असर रहने की संभावना है।
येलो अलर्ट (कम तीव्र लेकिन गर्मी की स्थिति):
पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ (29 मई), तेलंगाना (29–30 मई) तथा कुछ अन्य आसपास के क्षेत्रों में गर्म हवाओं और तापमान बढ़ने की स्थिति रह सकती है।
दिल्ली में ऐसा रहा तापमान का हाल
भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा 28 मई 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में गर्मी का प्रकोप देखा गया। राजधानी के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान 39°C से 41°C के बीच दर्ज किया गया। सफदरजंग क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान 41.1°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि पालम में 40.3°C और रिज क्षेत्र में 40.2°C तापमान रहा। इसके अलावा आयानगर में 40.1°C तथा लोधी रोड पर 39.3°C तापमान दर्ज किया गया।
क्या है करें और क्या नहीं?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार भीषण गर्मी के दौरान लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना चाहिए और खुद को हाइड्रेटेड रखना जरूरी है। दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनना बेहतर रहेगा ताकि शरीर को गर्मी से राहत मिल सके। इसके साथ ही किसी भी हालत में बच्चों या पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ियों के अंदर अकेला न छोड़ें, क्योंकि इससे गंभीर खतरा हो सकता है। बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले लोगों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है, ताकि उन्हें लू और गर्मी से बचाया जा सके।
