Faridabad Accident: हरियाणा के फरीदाबाद में निर्माणाधीन फरीदाबाद-जेवर ग्रीन हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना पनहेड़ा खुर्द गांव (Panhera Khurd Accident) के पास उस समय हुई, जब फ्लाईओवर निर्माण का काम चल रहा था। निर्माण स्थल पर एक भारी-भरकम क्रेन गुरुवार को आई तेज आंधी में संतुलन खो बैठी और पलटकर नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। हादसे में क्रेन के नीचे कई मजदूर दब गए।
पुलिस ने हादसे को लेकर दी जानकारी
बल्लभगढ़, फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि खराब मौसम के कारण कंटेनर पर लगी क्रेन कंटेनर पर ही गिर गई। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर के अंदर चार लोग थे। हमने एक व्यक्ति को घायल अवस्था में सुरक्षित निकाल लिया है। यहां तैनात एसडीआरएफ टीम ने तीन शव भी बरामद किए हैं और बचाव अभियान लगातार जारी है।
ग्रीन हाईवे फरीदाबाद को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली अहम परियोजना
आपको बता दें कि शुरुआती जानकारी में छह मजदूरों के मलबे और मशीन के नीचे फंसे होने की आशंका जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में ले लिया है ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए। यह ग्रीन हाईवे फरीदाबाद को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक माना जाता है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान हुई इस दुर्घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार ने बताया कि "तूफान के दौरान एक क्रेन पलट गई। दो लोगों को बचा लिया गया, लेकिन अभी भी 2 से 3 लोग फंसे हुए हैं। यह क्रेन जेवर एयरपोर्ट के फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी हुई थी।"
