शहर

कुरुक्षेत्र में नाबालिग से यौन उत्पीड़न का आरोप, अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज, सरकार ने तत्काल प्रभाव से सेवाएं कीं समाप्त

Kurukshetra Crime News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में तैनात कंसल्टेंट डॉक्टर डॉ. शैलेन्द्र कुमार शैली पर नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने डॉक्टर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

Image

POCSO केस दर्ज होते ही हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन (प्रतीकात्मक फोटो)

Kurukshetra Crime News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) नागरिक अस्पताल में तैनात एक कंसल्टेंट डॉक्टर पर नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। शिकायत सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस दोनों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने डॉक्टर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में कंसल्टेंट के रूप में कार्यरत डॉ. शैलेन्द्र कुमार शैली के खिलाफ थाना यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत नाबालिग लड़की के पिता की ओर से दी गई। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित कानूनी धाराओं और पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत केस दर्ज (Kurukshetra police) किया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नाबालिग लड़की को 29 मई को अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसे डॉ. शैलेन्द्र शैली की निगरानी में भर्ती किया गया था। बाद में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर उसे आपातकालीन विभाग में भेजा गया। इसी दौरान लड़की ने अस्पताल कर्मियों को अपने साथ कथित यौन उत्पीड़न होने की जानकारी दी।

सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त

मामला सामने आते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि लड़की के बयान के बाद आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। इसके साथ ही मामले की जांच संबंधित एजेंसियों को सौंप दी गई।

हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मामले का संज्ञान लेते हुए आदेश जारी किया। आदेश के तहत डॉ. शैलेन्द्र शैली की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। बताया जा रहा है कि वह पहले वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं और सेवानिवृत्ति के बाद कंसल्टेंट के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

पुलिस मामले की कर रही जांच

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल और स्थानीय क्षेत्र में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सके।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article